जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक बार फिर नक्सली हिंसा की खबर सामने आई है. शनिवार सुबह लगभग 8 बजे ताडापल्ला इलाके में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन 206 की टीम नंबर 11 के हेड कांस्टेबल (जीडी) दीपक दूले घायल हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार, जवान सुबह के समय ताडापल्ला के पास नए स्थापित एफओबी (फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस) कैंप के निकट एरिया डोमिनेशन और डेप्थ प्रोटेक्शन ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आ गए. घटना के तुरंत बाद आसपास तैनात सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए इलाके को घेर लिया और घायल जवान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

सुरक्षा बलों ने घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया है. बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में धूल का गुबार फैल गया, हालांकि बाकी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

घटना की पुष्टि पुलिस और सुरक्षा बलों ने की है. अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जानकारी अभी प्राप्त की जा रही है और क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है.

गौरतलब है कि बीजापुर और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षाबलों की लगातार बढ़ती मौजूदगी से नक्सल संगठन बौखलाए हुए हैं. सुरक्षा बलों द्वारा नए कैंपों की स्थापना और एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई से नक्सली अब आईईडी जैसे कायराना तरीकों का सहारा ले रहे हैं. फिलहाल, घायल जवान की हालत स्थिर बताई जा रही है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed