जगदलपुर (डेस्क) – जिले के परपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत केशलूर चौक के पास आज शुक्रवार को रेलवे की पटरी पर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है.

​मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.

​परपा टीआई ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जाँच शुरू कर दी है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके.

​फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि यह दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. मृतक की पहचान होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed