सुनील कश्यप, दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। सुरक्षाबल के जवानों ने तीन लाख के इनामी नक्सली लखमा कवासी को मुठभेड़ में मार गिराया है।
दंतेवाड़ा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि तुमकपाल इलाके में डीआरजी के जवानों को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। जहां जंगल में पहले से मौजूद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद डीआरजी के जवानों द्वारा मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्यवाही किया गया। जिसमें जवानों ने तीन लाख के इनामी नक्सली लखमा कवासी को ढेर किया। लखमा कवासी नक्सलियों के 31 नंबर प्लाटून संगठन के लिए काम कर रहा था। घटनास्थल से जवानों ने शव के साथ टिफिन बम, देसी कट्टा और नक्सल साहित्य भी बरामद किया है। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद घटनास्थल के आसपास नक्सलियों के मौजूदगी की सूचना मिल रही है जिसे ध्यान में रखते हुए उस इलाके में सर्चिंग बढ़ा दी गई है।