जगदलपुर (डेस्क) – मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक शहर ओरछा में आयोजित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) लाइफ इंश्योरेंस के ऑपरेशन सेल सपोर्ट मीट में बस्तर की टीम ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया. इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए एसबीआई कर्मचारियों के बीच, बस्तर की टीम ने पहला पुरस्कार जीतकर सबका दिल जीत लिया.
जब मंच पर बस्तर की टीम अपने पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी उतरी और “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गाने के साथ प्रस्तुति शुरू की, तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. इस सामूहिक नृत्य और पारंपरिक गीतों ने बस्तर की समृद्ध संस्कृति और विरासत को जीवंत कर दिया. टीम के सदस्य शुभम घोष, आर्यन तिवारी, उर्मिला राव, सुमन कुर्रे और नीलम साओ ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायक मंडल का भी मन मोह लिया.
एसबीआई लाइफ के प्रेसिडेंट जी. दुर्गा दास और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बस्तर की टीम की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक टीम की जीत नहीं है, बल्कि पूरे बस्तर की संस्कृति की जीत है. यह दिखाता है कि बस्तर की परंपरा और कला में वह जादू है जो किसी भी मंच को रोशन कर सकता है. इस जीत ने यह संदेश दिया है कि “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में, जो हर दिल को छू लेता है.”