जगदलपुर (डेस्क) – ऐतिहासिक जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अपनी स्थापना के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाने जा रहा है. इस गौरवशाली मौके पर नवंबर महीने में तीन दिनों का भव्य शताब्दी समारोह आयोजित किया जाएगा.

​आज स्कूल परिसर में एक खास बैठक बुलाई गई, जिसमें स्कूल के वर्तमान और पूर्व छात्रों के साथ-साथ कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया. इस बैठक में महापौर संजय पांडे, नगर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, प्राचार्य बी. राम कुमार और बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र मौजूद रहे.

​महापौर संजय पांडे ने इस अवसर पर कहा कि किसी भी संस्था का 100 साल का सफर पूरा करना गर्व की बात है. उन्होंने बताया कि इस स्कूल ने कई ऐसे प्रतिभाशाली लोग दिए हैं, जिन्होंने शिक्षा, साहित्य, प्रशासन, सेना, और व्यापार जैसे क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है.

​समारोह की तैयारियों के तहत, यह तय किया गया है कि इसमें लगभग 1500 से 2000 पूर्व छात्र, उनके परिवार और स्थानीय लोग शामिल होंगे. इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए एक विशेष स्मारिका और पत्रिका का भी विमोचन किया जाएगा.

​प्राचार्य बी. राम कुमार ने बताया कि समारोह से पहले स्कूल परिसर में स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाया जाएगा ताकि रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सके.

पर्यावरण संरक्षण का संदेश

​इस कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया. इसमें शामिल अतिथियों और शिक्षकों ने पेड़ लगाकर पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया और इसे अपनी परंपरा का सम्मान बताया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed