चेतन कापेवार,बीजापुर- बीजापुर के नक्सल प्रभावित इलाके से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। जहां सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है और इस मुठभेड़ में सुरक्षा बल के जवानों ने दो वर्दीधारी महिला माओवादियों को ढेर किया है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी को सर्चिंग के लिए बीजापुर के दुरदा इलाके में रवाना किया गया था। जहां दुरदा की पहाड़ी में मौजूद नक्सलियों से जवानों का आमना सामना हो गया। जिसके बाद सुबह क़रीब 6 बजे नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद जवानों ने मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों पर जवाबी कार्यवाही की और इस मुठभेड़ में जवानों ने कई माओवादियों को ढेर करने का दावा किया है। जवानों ने घटनास्थल से दो महिला नक्सलियों का शव बरामद किया है साथ ही जवानों ने घटनास्थल से एक नग 12 बोर बंदूक, एक पिस्टल और भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ के साथ ही नक्सल सामग्री भी बरामद किया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए अतिरिक्त फोर्स को भी रवाना करने की सूचना मिल रही है।