जगदलपुर (डेस्क) – शहर में इन दिनों जुआरियों का ‘भाग्य’ अच्छा नहीं चल रहा है. बीते रविवार की रात बोधघाट थाना पुलिस ने एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 6 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा है. पुलिस ने इन सभी के पास से ₹11 हजार से अधिक नगद, ताश के पत्ते और 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
पहला ‘ऑपेरशन’ : एयरपोर्ट के पीछे, अंधेरे में ‘जीत’ की तलाश
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करकापाल एयरपोर्ट के पीछे जंगल में कुछ लोग पैसों का दाँव लगाकर जुआ खेल रहे हैं. सूचना मिलते ही गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचा. पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोग भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया गया. इनकी पहचान कुलदीप सिंग, तुषार बाज और चंदा उर्फ माटी सिंग के रूप में हुई. इनके पास से ₹5 हजार से अधिक नगद और ताश के 52 पत्ते मिले. जुआरी मोबाइल के टॉर्च की रोशनी में जुआ खेल रहे थे.
दूसरा ‘ऑपेरशन’ : सरगीपाल जंगल में ‘जुआ – जाल’
पहली कार्रवाई के कुछ ही देर बाद, एक और गश्ती दल को सरगीपाल जंगल में जुआ खेलने की सूचना मिली. इस बार भी पुलिस ने बिना देर किए धावा बोल दिया. यहाँ भी तीन लोगों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान बादल सिंग, अनिल सागर और गोलू सिंग के रूप में हुई. तलाशी लेने पर इनके पास से ₹6 हजार से अधिक नगद, ताश के पत्ते और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए.
दोनों मामलों में आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया. इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई की है.