जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले में कोड़ेनार थाना क्षेत्र के किलेपाल गाँव के पास गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक भयानक हादसा हुआ है. बोलेरो और एक कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में पलक झपकते ही आग लग गई. इस खौफनाक दुर्घटना में कार में सवार दो लोग अंदर ही फंसकर जिंदा जल गए. उनके शव पहचान में नहीं आ रहे और केवल कंकाल ही बचे हैं.

बताया जा रहा है कि हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ जब जगदलपुर से दंतेवाड़ा जा रही बोलेरो और दंतेवाड़ा से आ रही कार टकरा गईं. बताया जा रहा है कि कार की पिछली सीट पर बैठा एक युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन आगे की सीट पर बैठे ड्राइवर और एक अन्य युवक को भागने का मौका नहीं मिला. वे आग की लपटों में घिर गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची. घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. बोलेरो और कार में सवार तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए मेकॉज में भर्ती किया गया है.
पुलिस ने बताया कि मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है. फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. यह दिल दहला देने वाला दृश्य था, जिसे देखकर हर कोई सहम गया.