दंतेवाड़ा में जादूटोना का शक बना मौत की वजह! ग्रामीण की हत्या कर शव श्मशान में जलाया, 5 गिरफ्तार

दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में जादूटोना के शक में एक ग्रामीण की हत्या कर उसके शव को श्मशान घाट में जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में छह आरोपियों की पहचान कर ली है. इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.

पुलिस के अनुसार घटना 1 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे अरनपुर थाना क्षेत्र के पोरोपरिया पटेलपारा में हुई. मृतक की पहचान जोगा मंडावी (53 वर्ष), पिता स्व. कोसा मंडावी के रूप में हुई है. बताया गया है कि जादूटोना करने के संदेह में आरोपियों ने जोगा मंडावी की हत्या कर दी और बाद में उसके शव को श्मशान घाट में जला दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद अरनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 190, 191, 332(1), 238, 127(2), 115(2), 351 और 296 के तहत अपराध दर्ज किया है. घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं.

जांच के दौरान पुलिस ने मामले में कोसा मंडावी, नंदा मंडावी, नंदा कोवासी, आयता कवासी, भीमा मंडावी और हिड़मा बारसे को आरोपी के रूप में चिन्हित किया है. इनमें से कोसा मंडावी, नंदा मंडावी, नंदा कोवासी, आयता कवासी और हिड़मा बारसे को गिरफ्तार किया गया है. वहीं भीमा मंडावी फरार बताया जा रहा है. उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

परिजनों पर भी हमले की बात सामने आई..

घटना के दौरान मृतक के परिजनों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है. घायल परिजनों में मंगली मंडावी, हांदा मंडावी और भीमा मंडावी (21 वर्ष) के नाम शामिल हैं. पुलिस इन घटनाक्रमों से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विवेचना अभी जारी है. घटना में आरोपियों की भूमिका, हत्या के पीछे की परिस्थितियों और अन्य जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles