सुकमा। सुकमा – दंतेवाड़ा के सरहदी इलाकों से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। जहां सड़क सुरक्षा पर निकले जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जिसकी पुष्टि सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह कोबरा 201 बटालियन व डीआरजी की संयुक्त पार्टी को सड़क सुरक्षा देने के लिए रवाना किया गया था। इसी बीच चिंतलनार के तिम्मापुरम इलाके में बैठे नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद मोर्चा संभालते हुए जवानों ने भी नक्सलियों पर जवाबी कार्यवाही शुरू की। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में सुरक्षा बल के जवानों ने एक नक्सली को ढ़ेर किया है। जिसके शव को भी जवानों ने बरामद करने में सफलता हासिल की है। साथ ही कई नक्सलियों को मारने का भी दावा सुरक्षा बल के जवानों ने किया है। इधर मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए है। लेकिन मुठभेड़ के बाद जवान अभी भी मौके पर मौजूद हैं और इलाके में सर्चिंग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन इलाकों में अभी भी नक्सलियों की मौजूदगी है।