सुकमा (डेस्क) – जिले के टेटरई गांव में पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है. बोड्डीगुड़ा से टेटरई तक बनने वाली सड़क और पुलिया निर्माण कार्य की तय अवधि निकलने के बावजूद अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है. परिणामस्वरूप बारिश शुरू होते ही गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है और ग्रामीणों को 20 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाकर अपने दैनिक कार्य निपटाने पड़ रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, 6 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से 6 दिसंबर 2023 को इस सड़क और पुल निर्माण कार्य की शुरुआत हुई थी, जिसकी अंतिम तिथि 5 जनवरी 2025 निर्धारित की गई थी। लेकिन 19 माह बीत जाने के बाद भी न तो पुल बन सका और न ही सड़क पूरी तरह तैयार हो पाई. सबसे बड़ी चूक यह रही कि जहां ग्रामीणों ने पुल निर्माण की मांग की थी, वहां ठेकेदार ने पुल की जगह सड़क बना दी, जो पहली ही बारिश में बह गई.

टेटरई की सरपंच सरिता करतम ने बताया कि ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से उस स्थान पर पुल बनाने की मांग की थी, पर ठेकेदार ने अनसुनी कर सड़क बना दी. अब बारिश में वही सड़क बह चुकी है और ग्रामीणों को फिर से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

जनपद सदस्य माड़वी देवा ने भी इस मामले में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों की मांग है कि शीघ्र पुल निर्माण कर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed