जगदलपुर (डेस्क) – शहर के स्कूली बच्चों में खेल, फिटनेस और अनुशासन की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जेसीआई जगदलपुर सिटी द्वारा आगामी 17 अगस्त 2025 को भव्य ‘राइड एंड राइज़’ साइकिल रेस का आयोजन किया जा रहा है. यह प्रतियोगिता विशेष रूप से कक्षा 5 वीं से 9 वीं तक के विद्यार्थियों के लिए होगी. आयोजन समिति के अनुसार रेस का शुभारंभ सुबह सात बजे माता दंतेश्वरी मंदिर परिसर से होगा.

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान को 7 हजार एक रुपये और तृतीय स्थान को 5 हजार एक रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क साइकिल हेलमेट दिया जाएगा. रेस का मार्ग शहर के प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगा और अंत में पुनः माता दंतेश्वरी मंदिर पर समाप्त होगा.

आयोजकों ने बताया कि पंजीयन की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है और प्रवेश शुल्क 100 रुपये रखा गया है. इच्छुक विद्यार्थी अपने विद्यालय के माध्यम से या आयोजन समिति के सदस्यों से संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों के पास वैध स्कूल आईडी कार्ड होना आवश्यक है तथा उन्हें अपनी साइकिल स्वयं लानी होगी एवं मोटराइज्ड साइकिल की अनुमति नहीं होगी.

आयोजकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करें. यह प्रतियोगिता न केवल बच्चों की साइक्लिंग क्षमता को निखारेगी बल्कि उन्हें खेल भावना, स्वास्थ्य और अनुशासन का महत्व भी सिखाएगी.

पंजीकरण से संबंधित जानकारी के लिए जेसीआई के अध्यक्ष प्रतीक चिखलीकर (मो. 86027-30706), सचिव गौरव डोडिया तथा कार्यक्रम निदेशकों विशाल दुल्हानी, अक्षय गुप्ता और तक्श लुंकड़ से संपर्क किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed