सुकमा (डेस्क) – आजादी का पर्व जब दिलों में उतरता है, तो सड़कों पर भी उसकी धड़कन महसूस होती है। राष्ट्रव्यापी “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आज सुकमा का नज़ारा कुछ ऐसा ही था. सीआरपीएफ 226 वीं बटालियन के कमांडेंट एच.पी. सिंह के नेतृत्व में गीदम नाला से सुकमा शहर तक एक भव्य बाईक रैली निकली. हवा में लहराते तिरंगे, गूंजते जयकारे और गड़गड़ाते इंजनों की आवाज़ ने माहौल को रोमांच से भर दिया.

सड़कों के दोनों ओर बच्चे हाथों में छोटे-छोटे तिरंगे लिए खड़े थे, बुजुर्ग गर्व भरी मुस्कान के साथ इस नज़ारे को निहार रहे थे. रैली जब शहर के प्रमुख स्थलों से गुज़री, तो हर मोड़ पर देशभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा. रंग-बिरंगी सजावट और तिरंगे की छटा से सुकमा की गलियां मानो एक उत्सव का हिस्सा बन गईं.

मदर टेरेसा स्कूल, एनसीसी कैडेट्स, सरकारी जूनियर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को तिरंगे बांटते हुए कमांडेंट एच.पी. सिंह ने कहा, “तिरंगा हमारी आजादी की सांसों में बसा है, इसे हर घर, हर दिल में फहराना है.” उन्होंने सभी को सोशल मीडिया पर #HarGharTiranga और SelfieWithTiranga के साथ इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की.
आज सुकमा की हवाओं में सिर्फ एक ही गीत तैर रहा था — वंदे मातरम्… भारत माता की जय!
तिरंगा थामे हर चेहरा गर्व से दमक रहा था, मानो यह सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि आजादी के जज़्बे का जश्न हो.