जगदलपुर (डेस्क) – आज सोमवार के तड़के सुबह एक यात्री बस एनएच 30 में एक बार फिर से हादसे का शिकार हो गई है. इस हादसे में बस का ड्राइवर और कंडक्टर बुरी तरह से घायल हो गए है. वहीं बस में सवार कुछ यात्रियों के भी घायल होने की जानकारी मिल रही है. हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बेहतर ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीबन 10 बजे मनीष ट्रेवल्स की एक यात्री बस रायपुर से जगदलपुर की ओर निकली. आज तड़के सुबह करीबन 4 बजे यात्री बस जैसे ही बस्तर थाना क्षेत्र में पहुंची तभी अचानक माजीसा पेट्रोल पंप के पास यात्री बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई. बताया गया कि जब यह हादसा हुआ तब बस में सवार ज्यादातर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे. इस हादसे में बस ड्राइवर और कंडक्टर बुरी तरह से घायल हो गए है. बताया गया कि हादसे के बाद बस का ड्राइवर बस के अंदर ही फंस गया था. जिसे बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की मदद ली गई. वहीं इस हादसे में कुछ यात्री भी घायल हुए है. फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बेहतर ईलाज के लिए बस्तर के उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. सूत्रों की माने तो बताया जा रहा है कि कुछ घायलों को मेकॉज लेकर जाने की भी तैयारी की जा रही है. अंदाजा लगाया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ होगा.