जगदलपुर (डेस्क) – सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी बम की चपेट में आने की वजह से एक नाबालिग लड़की समेत 3 ग्रामीण घायल हो गए है. घायल ग्रामीणों को बेहतर ईलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनगोल निवासी कविता कुड़ियम (16), कोरसे संतोष (26) और चिड़ेम कन्हैया (24) फुटू निकालने ( वनोपज संकलन) के लिए अंगमपल्ली पंचायत के पास स्थित जंगल की ओर गए हुए थे. इसी दौरान सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए माओवादियों द्वारा लगाए आईईडी बम की चपेट में तीनों ग्रामीण आ गए. आईईडी बम की चपेट आने की वजह से तीनों ग्रामीण घायल हो गए है. आईईडी बम ब्लास्ट होने की वजह से ग्रामीणों के पैर और चेहरे में चोटें आई है. घटना के बाद घायल ग्रामीणों को तत्काल बीते कल रात ही बेहतर ईलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका ईलाज जारी है. वहीं इस घटना के बाद सुरक्षाबलों के द्वारा आमजनों से जंगल क्षेत्रों में जाने के समय विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या नजदीकी सुरक्षा कैम्प को देने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed