जगदलपुर (डेस्क) – जिले के जनपद पंचायत बकावंड सरपंच संघ द्वारा आज शनिवार को बस्तर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को सरपंच एवं पंचों के मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया. यह ज्ञापन पहले बस्तर सांसद माननीय महेश कश्यप जी को सौंपा गया, जिसमें मांग की गई कि लोकसभा के मानसून सत्र में इस विषय को जोरदार तरीके से उठाया जाए.

इसी क्रम में सरपंच संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल से भी मुलाकात की और उन्हें विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को उठाने के लिए ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका सरपंच एवं पंच निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बहुत कम मानदेय दिया जा रहा है.
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में सरपंचों को मात्र 4 हजार रुपए और पंचों को 5 सौ रुपए प्रतिमाह दिया जा रहा है, जो उनकी जिम्मेदारियों और सेवाओं के अनुपात में अत्यंत अल्प है. सरपंच संघ ने मांग की है कि सरपंचों का मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपए और पंचों का 10 हजार रुपए प्रतिमाह किया जाए, साथ ही उनके लिए पेंशन व्यवस्था भी लागू की जाए.
सरपंच संघ ने दोनों जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इस मांग को अपने – अपने सदनों में गंभीरता से उठाएं, ताकि पंचायत प्रतिनिधियों को उनका वाजिब हक मिल सके और वे और अधिक मजबूती से ग्रामीण विकास में अपनी भूमिका निभा सकें.