जगदलपुर (डेस्क) – पुलिस ने सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर डराने धमकाने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस आरोपी के पास से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है. आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर में स्थित गुरु गोविंद सिंह चौक के पास सड़क में एक युवक लोहे का धारदार हथियार रखकर वहां से गुजरने वाले राहगीरों को डरा धमका रहा है. सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस की एक टीम तत्काल ही गुरु गोविंद सिंह चौक के लिए रवाना हो गई. मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी करते हुए आरोपी राहुल मंडावी (25) निवासी सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड को धर दबोचा. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार लोहे का हथियार भी जप्त किया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है. आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया में वायरल हुए चाकूबाजी वाले वीडियो के मामले भी यही आरोपी शामिल था. उक्त वायरल वीडियो में आरोपी शहर में स्थित कृष्णा पेट्रोल पंप के पास एक युवक पर चाकू से हमला करने की नाकाम कोशिश करता हुआ दिख रहा है.