सुकमा (डेस्क) – आम नागरिक की हत्या करने में शामिल फरार एक वारंटी माओवादी को सुरक्षाबल के जवानों ने बीते कल शनिवार को गिरफ्तार किया है. आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पुलिस ने आरोपी माओवादी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ 74 बटालियन की एक संयुक्त टीम के द्वारा ग्राम लखापाल और नागाराम के बीच नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग किया जा रहा था. इसी दौरान एक व्यक्ति सुरक्षाबल के जवानों को देखने के बाद छुपने की कोशिश करने लगा. जिस पर जवानों की नजर पड़ गई. इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति वहां से भागने की कोशिश करने लगा. संदिग्ध व्यक्ति को भागते देख जवानों ने भी उसका पीछा करना शुरु किया. इसके बाद जवानों ने घेराबंदी करते हुए भाग रहे संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा. पकड़े गए संदिग्ध का नाम कुंजाम सोमड़ा (30) निवासी चिंतलनार बताया गया है. कुंजाम सोमड़ा माओवादी संगठन में मिलिशिया सदस्य के रूप में सक्रिय रहा है. कुंजाम पर बीते 21 मार्च 2015 में ग्राम नागाराम के पटेलपारा के पास ग्रामीणों के सामने नुप्पो चैतू नाम के एक व्यक्ति की बेहरमी से हत्या करने की घटना में शामिल होने का भी आरोप है. बताया गया कि घटना के बाद से कुंजाम फरार हो गया था. जिसके खिलाफ स्थाई वारंट भी न्यायालय द्वारा जारी है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.