जगदलपुर (डेस्क) – महापौर संजय पाण्डे, महापौर परिषद के सदस्य व नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने आज शनिवार को पानी सप्लाई केंद्र का जायजा लिया. जहां वर्तमान व्यवस्था देख महापौर ने नाराजगी जाहिर की. फिजूल बहते पानी को देखकर उन्होंने कहा की पानी टैंकर भरे जाने के बाद पानी व्यर्थ नहीं बहना चाहिए. वहीं दिन भर में जितने भी पानी टैंकर भरे जाते हैं उनका हिसाब किताब पूरे पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए. आम लोगों हेतु पानी सप्लाई में सम्मानित पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधियों के द्वारा जो भी पानी टैंकर सप्लाई की जाती है उसमें किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए.

दरअसल लंबे समय से पानी सप्लाई केन्द्रो में कुछ अवस्थाएं थी जिसकी जानकारी महापौर सहित पार्षदों को मिली थी. अवकाश का दिन होने के बावजूद भी संजय पाण्डे निगमके महापौर परिषद के सदस्यों के साथ पानी सप्लाई सेंटर में आयुक्त के साथ निरीक्षण करने पहुंचे. महापौर पाण्डे ने कहा की सामान्य सभा में टैंकरों के दर तय किए गए हैं जोकि सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया है. निर्माण कार्य हेतु उपयोग में लाए जाने वाले टैंकरों से प्रति टैंकर एक हज़ार रुपए की राशि काटी जानी है. निर्धन कन्या के विवाह व शोक कार्यक्रम के लिए पानी टैंकर निःशुल्क दिया जाएगा साथ ही धार्मिक कार्यक्रम के लिए आयोजकों द्वारा पानी स्टोरेज की व्यवस्था किए जाने पर वहां पर भी पानी टैंकर निःशुल्क दी जाएगी. अनियमितता से बचने राशि जमा कर रशीद प्राप्त करने के बाद ही पानी टैंकर भेजा जाएगा.

जल कार्य विभाग के सभापति सुरेश गुप्ता ने कहा कि पानी का सदुपयोग हो और टैंकर का कहीं भी गलत उपयोग न हो पाए इसके लिए व्यवस्था दुरुस्त किया जाएगा. वहीं जिसकी ड्यूटी पानी सप्लाई केंद्र में रहेगी उसकी जिम्मेदारी होगी कि वह पानी की बर्बादी नहीं होने देगा. नियम का पालन नहीं करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी. इस दौरान महापौर के साथ नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, जल कार्य विभाग के सभापति सुरेश गुप्ता, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, रितेश सिन्हा सहित नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed