जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी) – जिले में बढ़ते अवैध शराब और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की मामलों को लेकर पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है. इसी क्रम में पुलिस ने दो युवकों को अवैध मादक तस्करी के मामले में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन युवकों के पास से 20 किलो से ज्यादा मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है.

सीएसपी आकाश श्री श्रीमाल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के बोधघाट थाना क्षेत्र में स्थित नया बस स्टैंड के अंदर सुलभ शौचालय के पास दो युवक दो पिट्ठू बैग लेकर खड़े है. उनके पास रखे बैग से गांजे जैसी महक आ रही है. मुखबिर से सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बोधघाट टीआई लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तुरंत ही नया बस स्टैंड के लिए रवाना हो गई. नया बस स्टैंड पहुंचते ही पुलिस की टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दो युवकों पर शक करते हुए उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने पकड़े दोनों युवकों से पूछताछ करते हुए उनके पास रखे बैगों की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस को युवकों के बैग से 20 किलो से ज्यादा मात्रा में गांजा मिला. जिसकी कीमत 2 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है. बैग से गांजा मिलते ही पुलिस ने दोनों युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों दीपक कुमार (26) और अरविंद (20) को गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया कि दोनों आरोपी उत्तरप्रदेश राज्य के मेरठ जिले के रहने वाले है. सूत्रों के अनुसार यह दोनों आरोपी इस गांजे को मेरठ लेकर जाने की फिराक में थे. पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (बी) ii (सी) के तहत अपराध दर्ज आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed