जगदलपुर (डेस्क) – पुलिस ने आज शनिवार को दो अलग – अलग थाना क्षेत्रों में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे पांच तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन तस्करों के पास से हजारों रुपये के अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो बाइक भी जप्त किया है.

पहला मामला भानपुरी थाना क्षेत्र का है. यहां आज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नम्बर की एक बाइक में सवार तीन संदिग्ध युवक अवैध रूप से ज्यादा मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर केशरपाल की तरफ जा रहे है. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत ही संदिग्ध युवकों को ढूंढने के लिए रवाना हो गई. इसी दौरान पुलिस ने ग्राम करन्दोला रानीगुड़ा पारा से मुरकुची जाने वाले मार्ग में तीन युवकों को एक बिना नम्बर वाले बाइक को धकेलते हुए देखा. इसके बाद पुलिस ने शक करते हुए तीनों युवकों को चेकिंग के लिए रोक लिया. युवकों से पूछताछ करते हुए पुलिस ने उनके पास रखे दो कार्टूनों की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने कार्टून से 44 नग बियर की बोतलें और 1 नग व्हिस्की का पौवा बरामद किया. जिसकी कीमत 8 हजार रुपये आंकी गई है. अवैध अंग्रेजी शराब मिलते ही पुलिस ने तीनों युवकों को पकड़ लिया. फिर पकड़े गए युवकों से पुलिस ने पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में आरोपियों दीपक बघेल (20), रूपेंद्र कश्यप (19) और कमलेश कश्यप (19) तीनों निवासी केशरपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह तीनों यह अवैध अंग्रेजी शराब केशरपाल में बेचने के लिए लेकर जा रहे थे. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

वहीं दूसरे मामले में भी नगरनार पुलिस ने एक बाइक में सवार दो युवकों को बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब अवैध रूप से परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अवैध शराब की कीमत तीन हजार पांच सौ रुपये से अधिक बताई गई है.

फिलहाल पुलिस ने दोनों ही मामलों में सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत कार्यवाही की है. पुलिस ने दोनों मामलों में दो बाइक, मोबाइल फ़ोन और नगद रुपये भी जप्त किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed