जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर युवा कांग्रेस ने आज शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर फैले भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और अव्यवस्थाओं को उजागर करते हुए इसे “कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का अड्डा” करार दिया है. इस संबंध में, युवा कांग्रेस ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा है और मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

स्वास्थ्य विभाग पर लगे प्रमुख आरोप

1. ​मरीजों को जबरन रेफर करने का खेल : युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रायपुर, विशाखापटनम और हैदराबाद के निजी अस्पतालों से मिलीभगत कर गरीब मरीजों को जबरन रेफर कर रहे हैं. इस रेफरल के बदले अधिकारी मोटा कमीशन लेते हैं, जिससे मरीजों की जान और पैसा दोनों खतरे में पड़ रहे हैं.
2. ​फर्जी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज : प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में कई अस्पताल और क्लीनिक बिना मानकों के और फर्जी कागजों पर चल रहे हैं, जिन पर स्वास्थ्य विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा. इसके अलावा, जगदलपुर के धरमपुरा में ‘छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल’ नाम से एक फर्जी कॉलेज दो कमरों में चलाया जा रहा है. यहां न तो प्रायोगिक उपकरण हैं और न ही परीक्षाएं होती हैं, यह सिर्फ लूट और फर्जीवाड़े का केंद्र बन गया है.
3. ​नर्सिंग कॉलेजों में अनियमितताएं : छात्राओं ने हॉस्टल अधीक्षिका पर पैसे और महंगे गिफ्ट मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं. हॉस्टल में भोजन की स्थिति इतनी खराब है कि छात्राएं अक्सर बीमार हो रही हैं. शिकायत के बावजूद, विभागीय अधिकारी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की जगह उनकी ढाल बने हुए हैं.
4. ​मेडिकल स्टोर्स में लूट : शहर के कुछ मेडिकल स्टोर्स पर बाहरी प्रदेशों से डॉक्टर बुलाकर उन्हें “स्पेशलिस्ट” बताकर जनता को लूटा जा रहा है. ये डॉक्टर ऐसी महंगी दवाइयां लिखते हैं जो केवल कुछ खास दुकानों पर ही उपलब्ध होती हैं. युवा कांग्रेस का दावा है कि यह खेल स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से चल रहा है.

युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें

​युवा कांग्रेस ने इन गंभीर आरोपों के मद्देनजर सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है :

• ​पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय न्यायिक या स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया जाए.

• ​दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत निलंबित कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.

• ​सभी फर्जी अस्पतालों, क्लीनिकों और पैरामेडिकल कॉलेजों को तत्काल बंद कर कानूनी कार्रवाई की जाए.

​• छात्राओं की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए दोषियों को जेल भेजा जाए और फर्जी पैरामेडिकल कॉलेज के संचालक पर भी कार्रवाई की जाए.

• ​मेडिकल स्टोर्स और बाहरी डॉक्टरों की फर्जी प्रैक्टिस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए.

नेताओं की प्रतिक्रिया

​युवा कांग्रेस नेता आदित्य सिंह बिसेन ने कहा, “बस्तर की जनता के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर सरकार ने तुरंत कार्रवाई नहीं की, तो युवा कांग्रेस सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करेगी.”

​युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय बिसाई ने इसे “बस्तर की गरीब जनता की हत्या” बताते हुए कहा, “अगर सरकार इस पर चुप रही, तो हम हर गली-चौराहे पर आवाज बुलंद करेंगे और इसे जनांदोलन में बदलेंगे.”

​इस दौरान आसना पंचायत प्रतिनिधि एवं युका नेता रोहित पानीग्राही, युका जिला उपाध्यक्ष संदीप दास, युका जिला उपाध्यक्ष साइमा अशरफ, NSUI जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी, NSUI प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया, प्रदेश महासचिव ज्योति राव, युवा नेता उस्मान रज़ा, विश्वविद्यालय अध्यक्ष पंकज केवट, छात्र नेता देवांश दास और अमित श्रीवास्तव मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed