जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी) – काम में लापरवाही बरतने की शिकायत मिलने के बाद आज मंगलवार को बस्तर जनपद पंचायत सीईओ ने एक सचिव को सस्पेंड कर दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार आज बस्तर जनपद पंचायत सीईओ प्रतीक जैन अपने कार्य क्षेत्र बकावंड जनपद पंचायत में दौरे पर निकले हुए थे. दौरे के दौरान सीईओ ग्राम पंचायत पाथरी के सरपंच और अन्य पंचायत पदाधिकारियों से मिले. सीईओ से मिलने के बाद ग्राम पंचायत पाथरी के सरपंच और पंचायत पदाधिकारियों ने उनके गांव के सचिव लखीराम देवांगन की शिकायत की. उन्होंने सीईओ को बताया कि ग्राम पंचायत पाथरी का सचिव अपने मुख्यालय में नही रहकर वहां से बहुत दूर ग्राम पंचायत तोंगकोंगेरा में रहता है. बीते छह महीनों में उसकी कुछ ही दिन कार्यालय में उपस्थिति होगी. फ़ोन करने पर मोबाइल बंद रहता है या तो कई दिनों तक सचिव फ़ोन ही नही उठाता है. उन्होंने सीईओ को बताया कि ग्राम पंचायत के विकास और जनहित के कामों में सचिव की कोई रुचि नही है. इसके साथ ही योजनाओं से सम्बंधित सर्वे कार्य में बकावंड के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी के आदेश के बाद भी सचिव की अनुपस्थिति रहती है. आगामी दिनों में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण, ग्राम सभा की बैठकों, आयुष्मान कार्ड के शिविर में भी सचिव की उपस्थिति नही रहती है. इतनी सारी शिकायतें मिलने के बाद बस्तर जनपद पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने तत्काल ही आवश्यक नियमों के तहत ग्राम पंचायत पाथरी के सचिव लखीराम देवांगन को सस्पेंड कर दिया है.