छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, बस्तर संभाग और जिले की कमान में व्यापक फेरबदल

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा सोमवार को राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी करते हुए पुलिस प्रशासनिक तंत्र में व्यापक फेरबदल कर दिया गया है. इस नई प्रशासनिक तब्दीली का सबसे बड़ा प्रभाव बस्तर संभाग और विशेष रूप से बस्तर जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर देखने को मिला है, जहाँ कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और मैदानी सुरक्षा अभियानों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नए अधिकारियों की तैनाती की गई है.

​राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के तहत बस्तर जिले में प्रशासनिक मोर्चे पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. दुर्ग शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर को अब बस्तर जिले का नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि जगदलपुर में पदस्थ रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग को माना रायपुर स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के पुलिस अधीक्षक पद पर स्थानांतरित किया गया है. इसके साथ ही जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के लिए जयप्रकाश बढ़ई को करनपुर स्थित 19वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का सेनानी बनाया गया है, वहीं संतोष महतो को 5वीं वाहिनी छ.स.बल जगदलपुर के सेनानी पद का जिम्मा सौंपा गया है.

​बस्तर जिले के अंदरूनी और मैदानी इलाकों में भी जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कसावट की गई है. लोहांडीगुड़ा पुलिस अनुभाग की कमान अब उप पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन को सौंपी गई है, जिन्हें लोहांडीगुड़ा का नया अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बनाया गया है. इसके अलावा जयराम चेरमाको को बस्तर जिले का नया उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) नियुक्त किया गया है, जिससे जिले में सुगम यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को नई गति मिलने की उम्मीद है. साथ ही चंद्रहास कटेंड को उप पुलिस अधीक्षक बस्तर (जगदलपुर) के रूप में पदस्थ किया गया है.

संभाग के अन्य प्रमुख जिलों में तब्दीली करते हुए सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर और बीजापुर जैसे इलाकों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है. सुकमा जिले में प्रभात पटेल को जगरगुंडा और मनीष रात्रे को दोरनापाल का नया एसडीओपी नियुक्त किया गया है, वहीं दंतेवाड़ा के किरंदुल अनुभाग में अविनाश ठाकुर को अनुविभागीय अधिकारी बनाया गया है. नारायणपुर के अंदरूनी क्षेत्र छोटे डोंगर में मनोज कुमार मण्डावी को एसडीओपी पद पर पदस्थ किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles