जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी) – शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बीते दिनों हुए कई बाइक चोरी के मामले में पुलिस को कामयाबी मिली है. इस मामले में पुलिस ने 3 शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है. इन बाइक चोरों के पास से पुलिस ने 20 चोरी के बाइकें बरामद की है. वहीं इस बाइक चोरी के मामले में फरार दो अन्य फरार चोरों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

पमिली जानकारी के अनुसार बीते कई दिनों से पुलिस को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थी. जिसके बाद बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर पुलिस की एक टीम तैयार की गई. इसके बाद पुलिस की यह टीम इस मामले की जांच करते हुए चोरी हुए बाइकों को ढूंढना शुरू किया. मामले की जांच के दौरान पुलिस की टीम ने बस्तर ब्लॉक के मोंगरापाल निवासी एक संदिग्ध युवक प्रमोद ध्रुव को पकड़ लिया. पुलिस को इस युवक के बारे में जानकारी मिली थी कि यह युवक हमेशा अलग अलग तरह की बाइकों में देखा गया है. संदेह के आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपी प्रमोद ध्रुव ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि रुपयों के लालच में वह अपने साथियों जोसफ मंडावी, मानस और अन्य के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट परिसर, संजय बाजार, साप्ताहिक बाजार पामेला, किलेपाल बाजार और आसपास के ईलाके से बाइकें चोरी करते थे. चोरी करने के बाद मानस, जो कि आरएस चॉइस सेंटर का संचालक है, चोरी के बाइकों का फर्जी आरसी बुक बनाता था. फर्जी आरसी बनाकर अभी तक आरोपियों ने 5 बाइकें अन्य लोगों को बेच दी थी. और अन्य 15 बाइकों को शहर के अलग अलग जगहों में छुपाकर रखा हुआ है. आरोपी से पूरी जानकारी लेने के बाद पुलिस ने आरोपी के साथियों जोसफ मंडावी और मानस को भी पकड़ लिया. पकड़े गए इन दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों प्रमोद ध्रुव (25) निवासी मोंगरापाल, जोसफ मंडावी (20) निवासी सिरिसगुड़ा और मानस परामानिक (37) निवासी लोकमान्य तिलक वार्ड को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 20 बाइकें बरामद कर ली है. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 फर्जी आरसी कार्ड, मॉनिटर, सीपीयू, प्रिंटर, कीबोर्ड, माउस और 250 नग पीवी कार्ड जप्त किया है. आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं इस मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की पतासाजी में पुलिस जुटी हुई है. फरार अन्य दो आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed