जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). पुलिस ने एक बार फिर से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करने वाले दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन तस्करों के पास से हजारों रुपये का अवैध अंग्रेजी शराब जप्त किया है.
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की अपाचे बाइक में सवार दो युवक बड़ी मात्रा में बियर लेकर ओड़िसा की ओर से जगदलपुर की तरफ जा रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने थाने के सामने स्थित एनएच 63 में नाकेबंदी कर दी. इसके बाद पुलिस की टीम ने वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू किया. इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की ओर से आ रहे एक सफेद रंग की अपाचे बाइक सीजी 17 केवाय 5108 को चेकिंग के लिए रोक लिया. रोकने के बाद पुलिस ने बाइक में सवार दो युवकों से पूछताछ करते हुए उनके पास रखे दो कार्टून की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने कार्टूनों से कुल 24 नग बियर की बोतलें बरामद की. जिसकी कीमत 2 हजार 6 सौ रुपये से ज्यादा बताई गई है. बियर की बोतलें मिलते ही पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपियों ललित कश्यप (23) और रंजीत मंडावी (24) दोनों निवासी डिलमिली ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब बियर के साथ बाइक को भी जप्त कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत अपराध दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.