चेतन कापेवार, बीजापुर- नक्सलियों ने एक बार फिर से इलाके में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए दो ग्रामीणों को जनअदालत लगाकर मौत के घाट उतार दिया है. इस पूरे मामले की जिम्मेदारी नक्सलियों के भैरमगढ़ एरिया कमिटी ने ली है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो पहले मंगलवार को नक्सलियों ने भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जप्पेमरका निवासी दो ग्रामीण माड़वी सूजा और पोडियामी कोसा के साथ एक स्कूली छात्र का अपहरण कर लिया था. अपहरण करने के बाद नक्सलियों के भैरमगढ़ एरिया कमेटी के सदस्यों ने इस क्षेत्र में स्थित जंगल में जनअदालत में दोनों ग्रामीणों के साथ छात्र को अन्य ग्रामीणों के सामने पेश किया. पेश करने के बाद नक्सलियों ने तीनों पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाया. आरोप लगाने के बाद नक्सलियों ने दो ग्रामीण माड़वी सूजा और पोडियामी कोसा को मौत की सजा सुनाते हुए उन्हें ग्रामीणों के सामने फांसी के फंदे पर लटका दिया. जिसकी वजह से दोनों ग्रामीणों की मौत हो गई. वहीं नक्सलियों ने मिरतुर थाना क्षेत्र एक छात्रावास में रहकर पढ़ने वाले छात्र पोडियम हिड़मा को रिहा कर दिया है.