जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). पुलिस के द्वारा जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब के साथ ही अन्य गैर कानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने आज शहर से एक सट्टा खाईवाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से हजारों रुपये भी बरामद किया है.
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि शहर के संजय गांधी वार्ड में एक युवक अन्य लोगों से रुपये लेकर अवैध ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है. सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस की एक टीम संजय गांधी वार्ड में स्थित युवराज दास के घर पहुंच गई. पूछताछ करते हुए पुलिस ने युवक की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने युवक के फ़ोन की जांच की. इस जांच में पुलिस को युवक के फ़ोन से ऑनलाइन सट्टा खिलाने के सबूत मिल गए. कड़ी पूछताछ में आरोपी युवराज दास (32) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. तलाशी में पुलिस ने आरोपी के पास से 6 हजार रुपये नगद और एक मोबाईल फोन जप्त किया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छग जुआ एक्ट की धारा के तहत कार्यवाही की है.