जगदलपुर. बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के बॉर्डर में आज मंगलवार की सुबह सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों ने 6 महिला नक्सली समेत 9 नक्सलियों को मार गिराया है. इस मामले की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने की है
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि सुरक्षाबल को संभाग के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमा में स्थित किरंदुल थाना क्षेत्र के ग्राम लोहागांव, पुरंगेल, एंड्री के जंगल पहाड़ी में नक्सलियों के पश्चिम बस्तर डिवीज़न के साथ पीएलजीए कंपनी नम्बर 2 के नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ 111 और 230 बटालियन यंग प्लाटून की एक संयुक्त टीम को तत्काल ही मौके पर सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था. मौके पर पहुंचते ही नक्सलियों ने जवानों को देख लिया. इसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया. हमला होते देख जवानों ने भी अपना मोर्चा संभाल लिया. मोर्चा संभालते हुए जवानों ने भी जवाबी कार्यवाही करना शुरू किया. आईजी ने बताया कि जवानों और नक्सलियों के बीच आज सुबह करीबन 10:30 बजे से लगभग 7 से 8 बार रुक रुक कर मुठभेड़ हुई. इस जबरदस्त मुठभेड़ में जवानों ने 9 नक्सलियों को मार गिराया. जवानों ने घटनास्थल से 6 महिला नक्सली समेत 9 वर्दीधारी नक्सलियों का शव बरामद किया है. इसके साथ ही जवानों ने मौके पर से 1 एसएलआर रायफल, एक 303 रायफल, बीजीएल लांचर, 12 बोर बंदूक, 315 बोर रायफल सहित भारी मात्रा में गोला बारूद, नक्सल सामान और दैनिक उपयोगी सामान भी बरामद किया है. मारे गए सभी 9 नक्सलियों की शिनाख्ती प्राथमिक तौर पर पश्चिम बस्तर डिवीज़न कमिटी और पीएलजीए कंपनी नम्बर 2 के सदस्यों के रूप में की गई है. आईजी ने बताया कि फ़ोर्स सर्चिंग के बाद वापस लौट रही है. इस मामले में सभी जवान सुरक्षित है. फ़ोर्स की वापसी के बाद मारे गए सभी नक्सलियों की साफ तौर से पहचान हो सकेगी. आईजी ने दावा करते हुए बताया कि इस मुठभेड़ में कई अन्य नक्सली या तो मारे गए है या तो घायल हुए है. जिसके लिए एक अतिरिक्त फ़ोर्स के द्वारा घटनास्थल के आसपास सर्चिंग की जा रही है.