जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). शहर के बोधघाट चौक से ग्राम सरगीपाल जाने वाले मार्ग पर आज मंगलवार की शाम भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस भीषण सड़क हादसे में एक दम्पति की मौत हो गई है तो वहीं एक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बोधघाट चौक से एक ट्रक रेलवे फाटक पार करते हुए ग्राम सरगीपाल की तरफ जा रहा था. इसी दौरान ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश करते हुए दो बाइक आपस में टकरा गए. बाइक आपस में टकराने के बाद एक बाइक में सवार पति और पत्नी ट्रक के पीछे चक्के की चपेट में आ गए. जिसकी वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दूसरी बाइक में सवार व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया है. घायल व्यक्ति को बेहतर ईलाज के लिए डायल 112 और पुलिस की मदद से मेकॉज रवाना किया गया है. सूत्रों की माने तो हादसे के बाद से ट्रक चालक फरार हो गया है. खबर लिखें जाने तक मृतकों और घायल व्यक्ति की शिनाख्ती नही हो पाई है.