जगदलपुर. बस्तर जिले के एक बालिका आश्रम में बीते कल रविवार को अज्ञात बीमारी की वजह से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई है. तो वहीं इस अज्ञात बीमारी की चपेट में आने के कारण 8 से 10 बच्चों को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. जहां सभी बच्चों का ईलाज जारी है.

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसी ट्राइबल अधिकारी गणेश सोरी ने बताया कि बस्तर जिले के ग्राम कोलावल में स्थित बालिका आश्रम में पढ़ने वाले कुछ बच्चों ने आश्रम अधीक्षिका दुलारी से दो दिनों से तेज बुखार और सिर दर्द होने की शिकायत की थी. शिकायत मिलने के बाद आश्रम अधीक्षिका पीड़ित बच्चों को गांव में ही स्थित आयुष केंद्र लेकर पहुंची. प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी पीड़ित बच्चों को सामान्य बीमारी बताते हुए उन्हें दवाईयां देकर वापस आश्रम भेज दिया गया. फिर रविवार की शाम अचानक 8 से 10 बच्चे ज्यादा बीमार हो गए. इसी दौरान इस अज्ञात बीमारी की वजह से आश्रम में पढ़ने वाली 10 वर्षीया एक बच्ची की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद पीड़ित बच्चों को तत्काल ही सीएचसी बकावंड पहुंचाया गया. यहां पीड़ित बच्चों का सभी तरह के टेस्ट लिए गए. सभी बच्चों के टेस्ट रिपोर्ट नार्मल बताए गए. लेकिन अन्य टेस्ट और बेहतर ईलाज के लिए इन बच्चों को फिलहाल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. जहां उनका ईलाज जारी है. इसके साथ ही मामले को गम्भीरता से लेते हुए चिकित्सक सभी बच्चों की हालत पर अपनी नजर बनाए हुए है. बताया जा रहा है सभी पीड़ित बच्चों की उम्र लगभग 6 से 10 साल के बीच है.