जगदलपुर. शहर में पुलिस ने बीती रात तीन बड़े सटोरियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही की है. पुलिस ने इन सटोरियों के पास लाखों रुपये नगद और सट्टा – पट्टी की पर्चियां भी बरामद की है.
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र के नयापारा में स्थित एक साईकल का पंचर बनाने वाला एक व्यक्ति आदतन सट्टा खिला रहा है. जिसके खिलाफ पुलिस ने पहले भी कार्यवाही की है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर पुलिस की टीम ने तुरंत ही नयापारा बीएसएनएल आफिस के पास एक दुकान में छापा मारा. इस छापेमार कार्यवाही में पुलिस की टीम ने तीन संदिग्धों को धर दबोचा. इसके बाद पुलिस ने तीनों संदिग्धों से पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में तीनों आरोपी हरीश भूरा निवासी नयापारा, उदय बघेल और समारू मांझी दोनों निवासी मेटगुड़ा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. एएसपी ने बताया कि इस कार्यवाही में पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नगद रकम के साथ सट्टा – पट्टी की पर्चियां भी बरामद किया है. फिलहाल पुलिस के द्वारा तीनों आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.
ज्ञात हो कि, बीते कुछ माह पहले पुलिस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ तगड़ी कार्यवाही की थी. इस तगड़ी कार्यवाही में महज कुछ दिनों के भीतर ही पुलिस ने कई बड़े – छोटे सट्टा खाईवालों और जुआरियों को रंगे हाथ धर दबोचा था.