बीजापुर- सर्चिंग पर निकले जवानों पर माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया. इस आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से 2 जवान शहीद हो गए. वहीं 4 जवान घायल हो गए. घायल जवानों को बीजापुर के ज़िला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट के जरिये रायपुर रेफर किया गया है. सभी जवानों की स्थित फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि जिला बिजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा के सीमावर्ती इलाकों में दरभा डिवीजन, पश्चिम बस्तर डिवीजन व मिलेट्री कंपनी नंबर 2 के माओवादियों की सूचना पर STF, DRG, कोबरा, CRPF की संयुक्त टीम को 16 जुलाई को रवाना किया गया था. और विशेष अभियान संचालित किया गया था. अभियान के बाद वापसी के दौरान 17 जुलाई को तररेम क्षेत्र के मंडीमरका के जंगलों में आईईडी ब्लास्ट हो गया. जिसकी चपेट में आने से 2 जवान शहीद हो गए. वहीं 04 जवान पुरुषोत्तम नाग, कोमल यादव, सियाराम सोरी और संजय कुमार घायल हो गए हैं. घायल जवानों को उपचार के लिए रायपुर एयरलफ्ट से रेफर की गई है. साथ ही घटना स्थल में अतिरिक्त जवानों को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया है. शहीद जवान कॉन्स्टेबल भरत साहू रायपुर के निवासी हैं. वहीं कॉन्स्टेबल सतेर सिंह नारायणपुर के निवासी हैं. अन्य जानकारी जवानों के लौटने के बाद देने की बात कही.