जगदलपुर. बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के सीमावर्ती ईलाके में बीते कल माओवादियों ने सुरक्षाबल के जवानों को अपना निशाना बनाते हुए आईईडी बम ब्लास्ट किया था. इस ब्लास्ट में 2 जवान शहीद हो गए. शहीद जवानों को आज गुरुवार को जगदलपुर के पुलिस लाईन में अंतिम सलामी दी गई.

ज्ञात हो कि बीते कल नक्सल प्रभावित बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के बॉर्डर पर सर्चिंग से वापस लौट रहे सुरक्षाबल के जवानों की टीम पर माओवादियों ने आईईडी बम ब्लास्ट कर हमला कर दिया था. इस ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए. वहीं चार जवान घायल हो गए. शहीद जवानों को आज गुरुवार की दोपहर जगदलपुर में स्थित पुलिस लाईन में अंतिम सलामी के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान वहां मौजूद सुरक्षाबल के आला अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जवानों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी नम आंखों से शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना कर दिया गया है.

बता दें कि, बीते कल बुधवार को नक्सल प्रभावित बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में माओवादियों के दरभा डिवीजन, पश्चिम बस्तर डिवीजन तथा मिलिट्री कंपनी नंबर 2 के बड़े माओवादियों की मौजूदगी की सूचना सुरक्षाबल को मिली थी. सूचना मिलते ही सुरक्षाबल के एसटीएफ, डीआरजी, एसटीएफ और सीआरपीएफ कोबरा बटालियन की एक संयुक्त टीम को बीते 16 जुलाई को मौके पर के लिए रवाना किया गया था. ईलाके में सर्चिंग के बाद 17 जुलाई को सुरक्षाबल के सभी जवान वापस लौट रहे थे. सुरक्षाबल की टीम जैसे ही ग्राम तररेम के मंडीमरका के जंगलों में पहुंची तभी पहले से घात लगाए बैठे माओवादियों ने वहां आईईडी बम ब्लास्ट कर दिया. इस आईईडी बम ब्लास्ट में सुरक्षाबल के दो जवान कॉस्टेबल भारत साहू निवासी रायपुर और कॉस्टेबल सतेर सिंह निवासी नारायणपुर शहीद हो गए. वहीं इस आईईडी बम की चपेट में आने की वजह से चार जवान पुरुषोत्तम नाग, कोमल यादव, सियाराम सोरी और संजय कुमार घायल हो गए. आईईडी बम ब्लास्ट करने के बाद माओवादी वहां से फरार हो गए. इस घटना के बाद साथी जवानों की मदद से शहीद जवानों और घायल जवानों को तत्काल ही बीजापुर लाया गया. घायल जवानों को बीजापुर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें तुरंत एयरलिफ्ट की मदद से बेहतर ईलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है. जहां उनका ईलाज अभी जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed