जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). पुलिस के द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने लाखों रुपये के गांजे की तस्करी करते दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
सीएसपी उदित पुष्कर ने बताया कि बीते 29 फरवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक एक छोटा हाथी वाहन में संदिग्ध सामान लेकर ओड़िसा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ जा रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस की टीम को तत्काल ही छत्तीसगढ़ और ओड़िसा राज्य की सीमा पर स्थित धनपुंजी के फारेस्ट नाका के लिए रवाना किया गया. पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचते ही वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की ओर से आ रहे एक छोटा हाथी वाहन क्र. यूपी 24 एटी 7816 को चेकिंग के लिए रोक लिया. रोकने के बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी लेते हुए उसमें सवार दो युवकों से पूछताछ शुरू की. तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन में एक गुप्त रूप से बनाया हुआ चैम्बर मिला. जिसे खोलने पर पुलिस ने उस चैम्बर से 100 किलो से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. भारी मात्रा में गांजा मिलते ही पुलिस ने वाहन में सवार युवकों इरसाद अंसारी (25) और जफरुद्दीन अंसारी (25) दोनों निवासी यूपी को पकड़ लिया. पकड़ने के बाद पुलिस ने युवकों से कड़ी पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह दोनों यह गांजा यूपी लेकर जाने की फिराक में थे. पुलिस ने बताया कि पकड़े गए गांजे की कीमत 10 लाख 70 हजार रुपये है. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के छोटा हाथी को जब्त कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.