जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). पुलिस को एक बार फिर से शहर में अवैध नशीली दवाओं का काला कारोबार करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में अवैध नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया है.

सीएसपी उदित पुष्कर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सुकमा जिले के रहने वाले दो युवक शहर में स्थित दलपत सागर के पास छिपकर अवैध नशीली दवाई बेच रहे है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की एक टीम तुरंत ही दलपत सागर के लिए निकल गई. पुलिस की टीम जैसे ही वान्या लॉन के आगे दलपत सागर रोड में पहुंची तभी दो युवक पुलिस को देखकर अपनी स्कूटी लेकर भागने की कोशिश करने लगे. लेकिन पुलिस ने भाग रहे दोनों युवकों को घेराबंदी करते हुए धर दबोचा. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए युवकों के स्कूटी की तलाशी ली. तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से पुलिस ने बड़ी मात्रा अवैध नशीली दवाईयां बरामद की. पुलिस ने स्कूटी की डिक्की से ALPRAZOLAM TABLETS IP 0.5 MG, ALPRACAN 0.5 के 1350 नग और PYEEVON SPAS PLUS CAPSULES के 1680 नग बरामद किया. पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अवैध नशीली दवाईयों की कीमत 18 हजार से अधिक है. लेकिन काले बाजार में इसी अवैध नशीली दवाइयों की कीमत लगभग 50 हजार रुपये है. इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों आकाश नाग (22) निवासी सुकमा और रोहित कुमार (18) निवासी सुकमा को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि उक्त अवैध दवाईयों को वह मलकानगिरी में रहने वाले विश्वास नाम के एक युवक से खरीदते थे. और उसे फ़ोन पे माध्यम से पेमेंट करते थे. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

इसके बाद पुलिस सप्लायर विश्वास की पतासाजी में जुट गई. पतासाजी के दौरान पुलिस ने सुब्रत विश्वास को ओड़िसा के मलकानगिरी से पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में सुब्रत ने पुलिस को बताया कि वह विगत कई दिनों रोहित और आकाश को बेचता था और फ़ोन पे पर पेमेंट लेता था. जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने सुब्रत विश्वास (25) निवासी मलकानगिरी (ओड़िसा) को भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed