जगदलपुर. शहर के नया बस स्टैंड में बीते बुधवार की रात एक गैंग के गुर्गों द्वारा दूसरे गैंग के सरगना को पिस्टल से जान से मारने का असफल कोशिश करने वाले 6 बदमाशों को पुलिस ने आज शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है. इसके बाद पुलिस ने इन बदमाशों का शहर में जुलूस भी निकाला है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बीते बुधवार की रात नया बस स्टैंड में स्थित सुलभ शौचालय के पास अमित शर्मा को नाथू और टाकलु नामक युवकों का मामला वापस नही लेने की बात कहते हुए आरोपी राज दुग्गा ने अपने एक साथी के साथ कमर के पास रखे एक पिस्टल निकालकर उसे जान से मारने की नाकाम कोशिश की. पिस्टल नही चलने की वजह से अमित बच गया.

अपने कोशिश में नाकाम होने पर राज अपने साथी के साथ वहां से फरार हो गया. घटना के बाद अमित ने इस मामले को लेकर तुरंत बोधघाट थाना में शिकायत दर्ज कराई. मामले को गम्भीरता से लेते हुए बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर पुलिस की अलग अलग टीम तत्काल ही आरोपियों की पतासाजी में जुट गई. इसी दौरान पुलिस की टीम ने इस मामले में फरार 4 आरोपी राज दुग्गा, चिराग साहू, किशोर चालान और मो. अल्ताफ को ओड़िसा से धर दबोचा. इसके बाद पकड़े गए आरोपियों के द्वारा दिये गए बयान के आधार पर पुलिस ने 2 और आरोपी त्रिनाथ दुर्गा और हेमंत ध्रुव को भी शहर से पकड़ लिया. पुलिस की कड़ी पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए इन सभी बदमाशों का शहर में जुलूस निकाला है. फिलहाल पुलिस के द्वारा इस मामले में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है. वहीं सीएसपी ने ऐसे ही असामाजिक तत्वों और बदमाशों को चेतावनी देते हुए कहा है कि “शरीफ वाला जीवन जीना शुरू कर दें, नही तो कानून का डंडा बहुत लंबा होता है, जो इनके ऊपर भी पड़ सकता है.”