जगदलपुर। जिला मुख्यालय जगदलपुर से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मेथोडिस्ट एपिस्कोपल चर्च केशलूर में प्रति वर्ष की भांति इस साल भी धन्यवादी का पर्व धूमधाम से 04 फरवरी दिन रविवार को मनाया गया. इस पर्व में मेथाडिस्ट एपिस्कोपल चर्च जगदलपुर के सदस्यों के साथ ही ग्रामीण कलीसियाओं के मसीही विश्वासी सहभागी हुए और प्रभु यीशु मसीह की महिमा की. इस अवसर पर सर्वप्रथम सुबह से दोपहर तक प्रभु यीशु मसीह के नाम की महिमा करते हुए मसीहियों ने आराधना किया. साथ ही प्रभु के पवित्र वचन का सुसमाचार भी प्रभु के दास बिशप रेव्ह. सूना के द्वारा सुनाया गया. वचन के बाद इस पर्व में धन्यवाद स्वरूप चढ़ाए गए सामग्रियों की बोली लगाई गई. जिसमें बढ़-चढ़कर केशलूर पहुंचे मसीहियों ने हिस्सा लिया. इस धन्यवादी पर्व में अंतिम बोली एक देसी मुर्गे की लगाई गई. जो धीरे-धीरे करके 5000 के पार पहुंचा. जिसके बाद मुर्गे की अंतिम बोली 5100 रुपये बोली लगाकर जगदलपुर से पहुंचे एकांश आनंद ने देसी मुर्गे को अपने नाम किया. जिसके बाद धन्यवादी पर्व की याद में मुर्गे व एकांश आनंद के साथ बिशप रेव्ह. पास्टर सूना, विभिन्न कलीसियाओं के पास्टर, स्थानीय पास्टर रेव्ह. वीरेंद्र नाथ, स्थानीय चर्च सदस्य, प्रवक्ता रत्नेश बेंजामिन सहित अन्य लोगों ने तस्वीर खिंचाई और परमेश्वर का धन्यवाद किया.