जगदलपुर (डेस्क) – डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में आज मंगलवार को एक बड़ी दुर्घटना होने से पहले ही टल गई है. यहां आज एक गर्भवती महिला को अस्पताल लेकर पहुंची 108 एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई. जिसके बाद अस्पताल परिसर में मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों की सूझबूझ के चलते आग पर काबू पाया गया. वहीं इस घटना में किसी तरह की कोई जनहानि नही हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार 108 एम्बुलेंस के कर्मचारी आज ग्राम आसना से एक गर्भवती महिला को मेकॉज लेकर आ रहे थे. 108 एम्बुलेंस जैसे ही मेकॉज का गेट पार कर आगे पहुंची. तभी अचानक मेकॉज के मुख्य द्वार के पास ही एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई. आग लगने के बाद एम्बुलेंस के पायलट (ड्राइवर) और सहकर्मी ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए सबसे पहले एम्बुलेंस में मौजूद गर्भवती महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद पायलट और सहकर्मी ने अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की मदद से गर्भवती महिला को तत्काल वार्ड में शिफ्ट कराया. इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने मिलकर अस्पताल में पहले से उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से एम्बुलेंस में लगी आग को बुझाने की कोशिश में जुट गए.

घण्टों कड़ी मशक्कत करने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने एम्बुलेंस में लगी आग पर काबू पा लिया. इस तरह मेकॉज में एक बड़ा हादसा टल गया. सूत्रों के मुताबिक एम्बुलेंस में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की संभावनाएं जताई जा रही है. वहीं इस मामले में डिमरापाल मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के अधीक्षक अनुरूप साहू ने कहा कि हमारे स्टाफ ने अस्पताल में लगे सभी सुरक्षा उपकरणों का सही समय पर उपयोग कर एक बड़ी घटना को होने से रोक दिया है, जिसके लिए उन्होंने पूरी टीम को बधाई दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed