सुनील कश्यप, सुकमा- नक्सली मोर्चे पर तैनात सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए प्रेशर आईईडी बम की चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए हैं. घायल जवानों को उपचार के लिए एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है. इस घटना की जानकारी सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने दी है.
मिली जानकारी के अनुसार सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र अंतर्गत डब्बामर्का पुलिस कैंप से जिलाबल, सीआरपीएफ 217 वाहिनी और कोबरा 208 वाहिनी की संयुक्त टीम को सड़क निर्माण में सुरक्षा देने के लिए सलातोंग की ओर रवाना किया गया था. और सुरक्षाबल के जवान लगातार इलाके में सर्चिंग अभियान करते हुए आगे बढ़ रहे थे. सर्चिंग के दौरान सुबह करीब 10:15 में सालातोंग के पास नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी पर जवानों का पैर लग गया. जिसके कारण से प्रेशर आईईडी ब्लास्ट हो गया. बम के ब्लास्ट होने से दो जवान बम की चपेट में आ गए. जिसके बाद साथी जवानों ने घायल जवानों को नजदीकी के पुलिस कैंप में पहुंचाया. जहां घायल जवानों का प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद जवानों को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करने की तैयारी सुकमा पुलिस के द्वारा की जा रही है. बताया जा रहा है कि दोनों जवानों को गंभीर चोटें आई है.
दरअसल नक्सली बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए हमेशा से ही आईडी बम का इस्तेमाल करते आए हैं. और जवानों को बम से काफी नुकसान भी हुआ है. इसके अलावा नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में इससे पहले बस्तर के ग्रामीण व मवेशी भी आ चुके हैं. नक्सलियों का यह आईईडी बम बेहद ही घातक है.