जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). पुलिस ने आज बुधवार को अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करने के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन आरोपियों के कार से हजारों रुपये का अवैध अंग्रेजी शराब भी बरामद किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बीते शनिवार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लोग एक लाल रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ओड़िसा से लेकर जगदलपुर की ओर जा रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार पुलिस की एक टीम को चोकावाड़ा में स्थित रेलवे फाटक के लिए रवाना कर दिया गया. पुलिस की टीम ने वहां पहुंचते ही नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की तरफ से आ रही एक लाल रंग की स्विफ्ट डिजायर कार सीजी 18 एल 9348 को चेकिंग के लिए रोकने की कोशिश की. लेकिन चालक कार समेत भागने लगा. भागने की बीच ही कार सड़क से उतर गई और सड़क किनारे झाड़ियों में फंस गई. कार फंस जाने के बाद कार में सवार दोनों व्यक्ति जंगल की आड़ लेते हुए फरार हो गए. कार का पीछा करते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने कार से किंगफिशर केन बियर की 9 पेटियां, किंगफिशर प्रीमियम स्ट्रांग बियर की 11 पेटियां और मैकडॉल्स न. 1 के 96 नग पौवे बरामद किए. जिसकी कीमत चालीस हजार से अधिक आंकी गई है. इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया. इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार आरोपियों की पतासाजी में जुट गई. जांच के दौरान ही पुलिस फरार दोनों आरोपी विवेक सरकार (55) निवासी नवरंगपुर (ओड़िसा) और सुब्रत मंडल (40) निवासी दंतेवाड़ा को उनके घरों से धर दबोचा. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. सीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा – साला है. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया है.