रिकेश्वर राणा, जगदलपुर- बस्तर जिले के सरहदी इलाके के अंतिम छोर में नक्सली मोर्चे पर तैनात सुरक्षाबल के जवान पुलिस व ग्रामीणों के बीच बनी दूरियों को कम करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं. इसी कड़ी में सीआरपीएफ 195 बटालियन के द्वारा बोदली के आश्रम में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया. प्रतियोगिता के बाद बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए सीआरपीएफ के द्वारा उन्हें प्रोत्साहन के रूप में पुरस्कार वितरण किया. साथ ही जवानों और स्कूली बच्चों ने वृक्षारोपण भी किया. और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए जानकारी दी है. साथ ही वृक्षारोपण की महत्वता से संबंधित जागरूकता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पर्यावरण में आए दिन हो रहे परिवर्तन को कम करने के लिए नए पौधे का रोपण अतिआवश्यक है, क्योंकि पौधों से ही मनुष्य को ऑक्सीजन भरपूर मात्रा में मिलता है. इसके अलावा आसपास के ग्रामीणों से मिलकर उनसे उनकी समस्याओं से संबंधित जानकारी भी ली और जल्द ही निराकरण करने की बात भी कही गई.

इस अवसर पर सीआरपीएफ के कमांडेंट राजीव कुमार के निर्देश पर द्वितीय कमान अधिकारी सुभाष चंद्र प्रसाद व सहायक कमान अधिकारी जफर आलम, सुरक्षाबल के अन्य जवान व बच्चों के साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.