सुनील कश्यप, सुकमा- सुकमा जिले के आवासीय विद्यालय पोटा केबिन एर्राबोर में 6 वर्षीय बालिका के साथ हुए दुष्कर्म मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. साथ ही आश्रम अधीक्षिका को भी गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है.
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि सुकमा जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में आवासीय विद्यालय पोटाकेबिन में छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था. जिस पर विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ एर्राबोर थाने में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी. साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में 8 सदस्य विशेष टीम का भी गठन किया गया था. और टीम ने लगभग 50 संदिग्ध से पूछताछ किया. और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले में जुट गई. जिसमें यह पाया गया कि आरोपी आश्रम को भलीभांति जानता था. और घटना दिनांक को आश्रम के कार्यरत भृत्य का पति भी मौजूद था. संदेह के आधार पर पुलिस द्वारा उससे पूछताछ किया गया. पूछताछ में भृत्य के पति आरोपी माड़वी हिड़मा ने अपना जुर्म कबूल किया. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इसके अलावा घटना की जानकारी होने के बावजूद अपने उच्च अधिकारियों को जानकारी नहीं देने पर आश्रम अधीक्षिका हिना पर भी पास्को एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है.