जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस ने आज शनिवार को हजारों रुपयों के अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा पकड़ा है. इस मामले में पुलिस ने दो शराब तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक एक बोलेरो वाहन में ओड़िसा से अंग्रेजी शराब का जखीरा लेकर जगदलपुर की ओर जा रहे है. सूचना मिलते ही नगरनार टीआई रविन्द्र कुमार (प्रशिक्षु आईपीएस) के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को धनपुंजी रेलवे क्रोसिंग के पास देवड़ा मंदिर जाने वाले मार्ग के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंचते ही पुलिस की टीम ने नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की तरफ से आ रहे एक बोलेरो वाहन एमपी 11 जी 0356 को चेकिंग के लिए रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दो युवकों से पूछताछ करते हुए वाहन की तलाशी लेना शुरू किया. तलाशी में पुलिस ने बोलेरो वाहन से अंग्रेजी का शराब का जखीरा बरामद किया. जिसकी कीमत 66 हजार रुपये से ज्यादा आंकी गई है. इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह दोनों उक्त अवैध अंग्रेजी शराब को ओड़िसा से खरीदकर दंतेवाड़ा में ले जाकर बेचने की फिराक में थे. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपी गणेश मंडल (32) और हरेंद्र कुमार कड़तामी (22) निवासी दंतेवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही पुलिस ने बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है. पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed