जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में लगातार मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस को बीते कल सोमवार को सफलता मिली है. पुलिस ने 10 किलो गांजे की तस्करी करते हुए दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक एक बाइक में सवार होकर कुछ संदिग्ध सामान ओड़िसा से खरीदकर सुकमा जिले के पुसपाल से होते हुए जगदलपुर की तरफ जा रहे है. सूचना मिलते ही दरभा टीआई शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तत्काल ही एनएच 30 में स्थित कामानार फारेस्ट नाके पर के लिए रवाना किया गया. पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचने के बाद नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने सुकमा की ओर से आ रहे एक बाइक सीजी 18 के 3877 में सवार दो युवकों को तलाशी के लिए रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने युवकों से पूछताछ करते हुए उनके पास रखे बोरे की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने बोरे में से लगभग 10 किलो से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 54 हजार आंकी गई है. बोरे से गांजा मिलते ही पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपी मनधर बघेल (30) निवासी पुसपाल (सुकमा) और लच्छीन्दर नाग (30) निवासी कस्तूरी (सुकमा) ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह दोनों यह गांजा जगदलपुर शहर में लाकर बेचने की फिराक में थे. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस के द्वारा आबकारी एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed