दंतेवाड़ा (कवि सिन्हा)। शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा ग्राम पंचायत झोडियाबाडम में सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण विकास के लिए युवा थीम पर इस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के समापन अवसर पर शामिल होने आज जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा झोडियाबाडम पहुँची। राष्ट्रीय सेवा योजना के इस शिविर के बारे में जानकारी देते प्रभारी शिक्षक ने बताया कि इन सात दिनों में छात्राओं द्वारा हर दिन अलग-अलग प्रकार के क्रियाकलाप किए गए। रोजगार एवं व्यक्ति विकास, सेल्फ डिफेंस, विधिक सहायता, बौद्धिक विकास, यातायात की जानकारी समेत अन्य प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में नित्य कर्म के बाद हर दिन गांव, रोड़ की सफाई, वृक्षारोपण, रंगाई-पुताई, शाम को संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया जाता था। एनएसएस के छात्राओं को संबोधित करते हुए जिपं अध्यक्ष ने कहा कि शिविर के माध्यम से आप सभी ने ग्रामीण जनजीवन को करीब से जाना। सेवा कार्य करने में एनएसएस का समाज में महत्वपूर्ण स्थान है। शिविर की सबसे अच्छी बात मुझे लगी कि आप सभी ग्रामीणों को मद्यपान के प्रति जागरूक कर रहे हैं। पौधरोपण कर आप सभी ने पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया ये अच्छी बात है। तुलिका ने आगे कहा कि इन सात दिनों में विभिन्न प्रशिक्षण के माध्यम से कई विषयों पर जानकारी भी हासिल की जिसे हमें अपने जीवन में अमल करना है। साफ-सफाई का संदेश देने जो आप सभी अभियान शुरू किया है वह निश्चित ही सफल होगा और ग्रामीण अपने जीवन में जरूर शामिल करेंगे। अंत में जिपं अध्यक्ष ने शिविर में शामिल सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न नाटकों के माध्यम से मद्यपान के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास किया। शिविर का समापन करते हुए तुलिका द्वारा एनएसएस का झंडा उतार छात्राओं को ससम्मान सौपा ततपश्चात राष्ट्रगान गाकर शिविर का समापन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य श्री हिरकने, श्री प्रसाद समेत अन्य शिक्षक मौजूद थे।