जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। जिले में बस्तर पुलिस के द्वारा जुआ, सट्टा, अवैध शराब, मादक पदार्थ समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार मुहिम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने आज शुक्रवार को अवैध नशीली दवाओं के एक सौदागर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस सौदागर के पास से हजारों रुपये के नशीली दवाईयों का जखीरा भी बरामद किया है।
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के नयामुण्डा में एक युवक अवैध नशीली दवाईयां अन्य लोगों को बेच रहा है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बोधघाट टीआई उप पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) आशीष नेताम के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तैयार की गई। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर के द्वारा बताए गए नयामुण्डा के इलाके में स्थित मंगल भवन के पास से एक संदिग्ध युवक की पहचान करते हुए और घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए संदिग्ध युवक से पूछताछ करते हुए उसकी तलाशी लेना शुरू किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने युवक के पास से अवैध नशीली दवाई अल्प्राजोलम टेबलेट के 1200 नग, नाइट्रोजेपाम टेबलेट के 440 नग और स्पास्मो टेबलेट के 96 नग बरामद किया। जिसकी कीमत 5 हजार रुपये से ज्यादा आंकी गई है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी तापस हलधर (25) निवासी नयामुण्डा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। अभी पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 21 (बी) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।