जगदलपुर- बस्तर जिले में पुलिस कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले और नशे में उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. राजेंद्र नगर वार्ड में चाकू और डंडे के बल पर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है.
जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि 12 जुलाई की रात राजेंद्र नगर वार्ड में कुछ युवक शराब के नशे में हाथों में बड़ा धारदार चाकू और डंडा लेकर पहुंचे और सड़क पर खड़े युवकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की, चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दी और डंडे से तोड़फोड़ भी की. इस घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया. मामले में पीड़ित आशिफ कुरैशी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. विवेचना के दौरान पुलिस ने दो नामजद आरोपी अभिषेक पानीग्राही उर्फ बामन और रोहित पोयाम को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया. जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. वहीं घटना में शामिल तीसरा आरोपी सोनू बघेल अभी फरार है. जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने, हथियारों के बल पर लोगों में दहशत फैलाने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.