जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में आज शाम नक्सलियों और सुरक्षाबल के जवानों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मामले की पुष्टि बस्तर आईजी ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले के थाना उसूर के क्षेत्र नब्बी कैम्प से डीआरजी और सीआरपीएफ कोबरा बटालियन की एक संयुक्त टीम नेलाकांकेर के जंगलों में सर्चिंग के लिए निकली हुई थी। इसी दौरान शाम करीबन 4 बजे जवानों की टीम जंगलों में पहुंच गई। जवानों को देख जंगल में पहले से मौजूद नक्सलियों ने जवानों पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए। मुठभेड़ खत्म होने के बाद जवानों ने घटनास्थल में सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसमें जवानों ने नक्सलियों के 3 भरमार बंदूक और एक 12 बोर बंदूक बरामद किया है। इस अभियान में शामिल सभी जवान सुरक्षित है और इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। इस पूरे मामले की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने की है।