जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने गांजे की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सीएसपी हेमसागर सिदार ने बताया कि नगरनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एक्टिव स्कूटी में संदिग्ध सामान लेकर ओड़िसा की ओर से जगदलपुर की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही नगरनार टीआई बीआर नाग के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस की टीम को धनपुंजी नाका के लिए रवाना किया गया। धनपुंजी नाका पहुंचने के बाद पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की तरफ से आ रहे एक्टिव स्कूटी सीजी 17 केए 1740 में सवार एक युवक को जांच के लिए रोक लिया। युवक से पूछताछ करते हुए पुलिस ने स्कूटी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कूटी की डिक्की से 25 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी चालक हीरा सिंह (22) निवासी नवरंगपुर को पकड़ लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed